तालिबान का आतंक अफगानिस्तान में लगातार कायम है और स्थिति इतनी बदतर हो चली है कि अब अफगान के लगभग हिस्सो पर तालिबानी राज हो चुका है।यहां हेरात प्रांत में तालिबानी विद्रोहियों के आगे तो पूरी सरकार ही सरेंडर हो गई है।
यही नहीं राज्य के गवर्नर, पुलिस चीफ, एनडीएस ऑफिस के हेड को तालिबान ने हिरासत में ले लिया है। इसके अलावा तालिबान के खिलाफ जंग के प्रतीक रहे मोहम्मद इस्माइल खान को भी तालिबान ने हिरासत में लिया है। Tolo न्यूज ने अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।
तालिबान ने हेरात के अलावा कंधार पर भी कब्जा जमा लिया है, जिसे अफगानिस्तान का दूसरा सबसे बड़ा शहर कहा जाता है। बीते एक सप्ताह में ही तालिबान ने देश के 13 प्रांतों पर कब्जा कर लिया है। गुरुवार की रात को उसने कंधार पर कब्जा किया और फिर सुबह होते-होते लश्कर गाह शहर भी उसके हवाले हो गया था। यही नहीं अब तालिबान का अगला टारगेट काबुल दिख रहा है और पश्चिमी देशों ने अपने दूतावासों से राजनयिकों को निकालने की तैयारी शुरू कर दी है। अमेरिका ने अपने 3,000 सैनिकों को वापस अफगानिस्तान भेजा है, जो उसके डिप्लोमैट्स को सुरक्षित निकालने का काम करेंगे।