AMN
देश में राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के अन्तर्गत अब तक लगभग 40 करोड़ कोविड-रोधी टीके लगाये जा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कल 42 लाख 12 हजार से अधिक लोगों का टीकाकरण हुआ। संक्रमण से स्वस्थ होने की दर बढ़कर 97 दशमलव तीन-एक प्रतिशत हो गयी है। कल 43 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए। अब तक 3 करोड़ दो लाख से अघिक मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
उपचाराधीन मरीजों की संख्या चार लाख 24 हजार रह गई है। साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर दो दशमलव दो-एक प्रतिशत है और दैनिक पॉजिटिविटी दर एक दशमलव नौ-एक प्रतिशत है। कल पांच सौ साठ मरीजों की कोविड से मौत हुई। इन्हें मिलाकर अब तक चार लाख 13 हजार मरीज इस महामारी का शिकार हो चुके हैं। मंत्रालय ने बताया है कि जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। अब तक 44 करोड 20 लाख नमूनों की जांच की जा चुकी है। कल 19 लाख 98 हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई।