This post is a part of YKA’s dedicated coverage of the novel coronavirus outbreak and aims to present factual, reliable information. Read more.

मध्यप्रदेश के डिंडोरी ज़िले से 50 किलोमीटर दूर जबलपुर-अमरकंटक मार्ग पर पाटनगढ़ गाँव को गोंड चित्रकला का जन्म स्थान माना जाता है। जनगण सिंह श्याम के माध्यम से गोंड चित्रकला शैली को यहीं से विस्तार मिला और यहां के कलाकार विदेशों में गए।

वर्तमान में इस गांव के अधिकांश स्त्री-पुरुष चित्रकला में निपुण हैं। लगभग दो सौ चित्रकार गांव में रहकर कलाकर्म से अपनी आजीविका चलाते हैं। उनके बनाए गोंड पेंटिंग बड़े-बड़े आर्ट गैलरियों और यूरोप में ऊंचे दामों में बिकते हैं।

लेकिन, कोविड-19 के चलते लम्बे लॉकडाउन में अन्य समुदाय की तरह इन असाधारण चित्रकारों के जीवन पर भी असर पड़ा है। इनके पेंटिंग से होने वाली आय का स्रोत ठप है। आजीविका के लिए हुनरमंद कलाकार कैनवास पर कूची चलाने की जगह मज़बूरी में मज़दूरी करने लगे हैं। 

यह मज़दूरी महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के तहत सरकार की तरफ से मिल रहे काम से हो या फिर बड़े किसानों के खेतों में, दोनों से इन्हें इस समय कोई परहेज़ नहीं है। कुछ चित्रकार जैसे- ननकुशिया श्याम, मयंक श्याम और जापानी श्याम के अलावा भज्जू सिंह श्याम, वेंकट रमण सिंह श्याम सहित अनेकों ने नाम और पहचान मिलने के बाद भोपाल और दूसरे शहरों में अपना आशियाना बना लिया, किंतु लगभग दो सौ चित्रकार अभी भी इसी गांव में रहकर ही कलाकर्म से जुड़े हैं।

 लॉकडाउन के कारण गोंड पेंटिंग करने वाले कलाकार मज़दूरी करने पर मज़बूर   

कोरोना महामारी के चलते लम्बे समय तक लॉकडाउन की कल्पना किसी ने नहीं की थी। लिहाजा मध्यप्रदेश सरकार भी कलाकारों की स्वतंत्रता और सम्मान के साथ उन्हें आजीविका के उचित साधन मुहैया कराने में पीछे रही। जिन हुनरमंद कलाकारों का गुजारा कार्यशाला, प्रदर्शनियों और पेंटिंग बेचने से होता था, आज उन पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है।

इसी गाँव की चंद्रकली बताती हैं कि मनरेगा के अंतर्गत उसे तालाबों को गहरा करने का काम मिला है। वह बताती है कि उसके पास बहुत कम कृषि भूमि है, इतने में गुजारा मुश्किल हो रहा था। इसलिए यह काम करना पड़ रहा है। अब, तो हाथों में इतने जख्म हो गए हैं कि कूची भी नहीं चलती है। 

बीच में थोड़े समय के लिए अनलॉक पर छत्तीसगढ़ के तिल्दा में दीवार पेंटिंग का काम मिला था, लेकिन दोबारा लॉकडाउन से बीच में ही उसे छोड़कर वापस लौटना पड़ा। चंद्रकली का एक ही बेटा है, जो कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है।

इसी तरह राजेन्द्र कुमार उइके ने कहा कि हमारे पूर्वज भी गोंड पेंटिंग की साधना करते थे, इसलिए हमने किसी और तरह के काम में बारे में कभी सोचा ही नहीं था। पहले व्हाट्सएप्प और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म्स पर ऑनलाइन पेंटिंग बिक जाती थीं। कोरोना महामारी के चलते वह भी बंद है। कोई खरीद ही नहीं रहा है।

महामारी बहुत लम्बी खिंच गई, इसलिए दिक्कत बढ़ गई है। दीपिका गर्भवती हैं, इसलिए वह भारी काम नहीं कर  पा रही हैं। वह इस समय राजकुमार श्याम, देवीलाल टेकाम, संतोषी ध्रुवे आदि के साथ मनरेगा के साथ-साथ बड़े किसानों के खेतों में मज़दूरी कर रही हैं। जबकि इनमें से कई कलाकार सरकारी व गैर सरकारी पुरस्कारों से सम्मानित भी हो चुके हैं।

आयरलैंड की रहने वाली नॉटेड चारलेट ने इनकी कला को उचित संरक्षण दिया 

इन चित्रकारों ने बताया कि पिछले साल लॉकडाउन के ठीक पहले आयरलैंड की रहने वाली नॉटेड चारलेट, जो स्वयं पेशे से चित्रकार हैं, वह अपने पति के साथ पाटनगढ़ आई थीं। उन्हें उमरिया स्थित टिकुली कला केंद्र के निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी यहां लाए थे। गांव में कला और कलाकारों से मिलकर वह बहुत भावुक हो गई थीं। तब वे यहां के कलाकारों से ए-4 साइज की पेपर शीट वाली 50 पेंटिंग बेसिक कीमत देकर खरीद कर ले गई थीं।

इसके बाद में उन्होंने इन पेंटिंग्स को गोंड आर्ट इंडिया वेबसाइट के माध्यम से बेचना शुरू किया। इस तरह 36 पेंटिंग की बिक्री हुई थी। जिसका लाभांश 3824 रुपये प्रति पेंटिंग की दर से एक लाख 37 हज़ार रुपये उन्होंने चित्रकारों को भेजा था। इससे पहले लॉकडाउन में हम लोगों को बहुत राहत मिली थी, लेकिन इस बार इस तरह का कोई प्रस्ताव भी नहीं आया।

उमरिया टिकुली कला केंद्र के निदेशक संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि नॉडेट आयरलैंड की महिला हैं। वह अपने पति रिची के साथ लम्बे समय से भारत आती रहती हैं। इन्हें आदिवासी कला, संस्कृति, योग, अध्यात्म, प्रकृति और पुरातात्विक धरोहरों से बहुत प्यार है।

भारत से उनके लगाव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नॉडेट अब योग शिक्षक बन चुकी हैं और आयरलैंड में योग की कक्षाएं भी चलाती हैं। नॉटेड हिन्दी भाषा भी सीख रही हैं। भारतीय मित्र उन्हें लीला कहकर बुलाते हैं। उनके पति रिची डाक्यूमेंट्री फिल्म बनाते हैं, उन्हें भारत में घूम-घूम कर फोटोग्राफी करना, छोटी-छोटी फिल्में बनाना पसंद है। 

नॉटेड चारलेट गोंड पेंटिंग कलाकारों की दयनीय जीवन परिस्थितियों को देखकर भावुक हुईं 

अब तक दोनों साथ मिलकर भारत के लगभग सभी महत्वपूर्ण दर्शनीय स्थान घूम चुके हैं। पिछले साल कोविड-19 के प्रथम चरण में पूर्ण लॉकडाउन से पहले जब दोनों भारत आए थे, तब उनका परिचय गोंड पेंटिंग से हुआ था। उन्होंने गोंड पेंटिंग के बारे में जानने और गोंड कलाकारों से मिलने की इच्छा जाहिर की थी, तब एक परिचित ने उन्हें मेरे बारे में बताया था और तब मैंने उन्हें साथ लेकर डिंडोरी ज़िले के पाटनगढ़ क्षेत्र का दौरा कराया, क्योंकि मध्यप्रदेश में गोंड पेंटिंग के बारे में जानने के लिए इससे बेहतर और कोई जगह नहीं है।

नॉटेड गोंडी संस्कृति को करीब से जानने के लिए चित्रकार चंद्रकली पुषाम के घर पर ही ठहर गई। यहां रूककर उन्होंने ना सिर्फ गोंड पेंटिंग की बारीकियों को देखा, समझा और सीखा अपितु गोंड कलाकारों की ज़िन्दगी को भी करीब से देखा। उस समय वह ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले चित्रकारों की आर्थिक स्थिति देखकर अत्यंत भावुक हो गई थीं।

नॉटेड चारलेट ने गोंड पेंटिंग कलाकारों को एक उचित मंच दिया 

श्री द्विवेदी ने कहा कि नॉडेट ने उनसे कहा कि जिस पेंटिंग से पाटनगढ़ के कलाकारों को एक हज़ार से लेकर डेढ़ हज़ार रुपये मिलते हैं, वहीं दिल्ली, मुंबई और गोवा जैसे बड़े शहरों की आर्ट गैलरियों में दस गुना दामों में बेचा जाता है। आदिवासी कलाकारों की यह हालत देख कर वह द्रवित हुईं और तय किया, कि वह एक वेबसाइट के ज़रिये गोंड पेंटिंग को बाज़ार उपलब्ध कराएंगी तथा उससे होने वाली आमदनी से गोंड़ कलाकारों की मदद करेंगी। इस भावना से प्रेरित होकर नॉटेड ने पिछले साल लॉकडाउन के कठिन समय में कलाकारों की मदद की थी, जो इनके लिए वरदान साबित हुआ।

कैसे बनाई जाती है गोंड पेंटिंग?

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में गोंड समुदाय की आबादी सबसे अधिक है। पाटनगढ़ में प्रतिभाशाली चित्रकारों के कैनवास पर शब्द और गीत नृत्य करते हैं। चंद्रकली ने बताया, पहले कहानी बनाई जाती है, उसके बाद स्केच बनाया जाता है। फिर उसमें चटक रंग भरा जाता है। यही गोंड पेंटिंग का आकर्षण है। 

इसे बनाने में चार से पांच दिन का समय लगता है। इन चित्रों की अनूठी शैली ही इसे अद्वितीय बनाती है। आज दुनिया में इन गोंड कलाकारों के काम को पहचाना जाता है। प्रकृति से प्रेरित इन चित्रों में हर जगह प्रकृति नज़र आती है, लेकिन इसी प्रकृति को कैनवास पर जीवंत करने वाले जादुई हाथ आज पेट की आग बुझाने के लिए फावड़ा चलाने को मज़बूर हो गए हैं।

नोट- यह आलेख भोपाल, म.प्र से रूबी सरकार ने चरखा फीचर के लिए लिखा है। 

Youth Ki Awaaz के बेहतरीन लेख हर हफ्ते ईमेल के ज़रिए पाने के लिए रजिस्टर करें

You must be logged in to comment.