
- Hindi News
- Local
- Gujarat
- Fierce Fire At Patel Welfare Kovid Hospital In Bharuch Gujarat At Midnight, 15 People, Including 12 Patients, Died
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
गुजरातकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

जिस वक्त यह आग लगी अस्पताल के ICU में 27 मरीज भर्ती थे। इन सभी को आसपास के अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर है।
गुजरात में भरूच के पटेल वेलफेयर कोविड अस्पताल में शुक्रवार रात भीषण आग लग गई। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। इनमें 12 मरीज शामिल हैं। बाकी मरीजों को सिविल अस्पताल, सेवाश्रम अस्पताल और जंबुसर अल महमूद अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है। कुछ लोगों की हालत गंभीर है ऐसे में मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने का शक
आग रात करीब 12:30 बजे लगे। यह तेजी से फैलकर ICU तक पहुंच गई। हालांकि, कुछ घंटों की कोशिशों के बाद इस पर काबू पा लिया गया। बचाव का काम सुबह तक जारी रहा। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की 40 गाड़ियां लगीं
आग लगने की खबर मिलते ही फायर ब्रिगेड 40 गाड़ियां, एंबुलेंस और मरीजों के परिजन मौके पर पहुंच गए। उस समय अस्पताल के आसपास करीब 5000 से 6000 लोगों की भीड़ थी। इन लोगों की कोशिशों से मरीजों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट तो किया गया, लेकिन वहां भी काफी देर तक बेड और ऑक्सीजन समेत तमाम व्यवस्थाओं के लिए अफरातफरी मची रही।

पहले भी हो चुके कोविड हॉस्पिटल में हादसे
- पिछले महीने मुंबई के भांडुप इलाके में एक मॉल की तीसरी मंजिल पर बने कोविड हॉस्पिटल में आग लग गई थी। हादसे में 10 लोगों की मौत हुई थी। हॉस्पिटल में भर्ती 70 मरीजों को सुरक्षित निकालकर दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 22 गाड़ियों को काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी थी।
- पिछले साल 27 नवंबर को गुजरात के राजकोट जिले के एक कोविड अस्पताल में आग लगी थी। हादसे में पांच कोरोना मरीजों की जलकर मौत हो गई थी। हॉस्पिटल में 33 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा था। मशीनरी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताया गया था। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने हादसे की जांच के आदेश दिए थे।
- पिछले साल 21 नवंबर को ग्वालियर संभाग के सबसे बड़े अस्पताल जयारोग्य के कोविड केयर सेंटर के ICU में आग लग गई थी। वहां भर्ती 9 मरीजों में से 2 मामूली झुलस गए थे। आग से मची अफरातफरी में दो मरीजों की मौत हो गई। एक वेंटीलेटर भी जल गया था।
- पिछले साल ही 9 अगस्त को आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा में एक होटल में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई थी। होटल को कोविड-19 फैसिलिटी सेंटर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। घटना के वक्त यहां 40 मरीज थे। मेडिकल स्टाफ के भी 10 लोग थे।
- इससे 3 दिन पहले 6 अगस्त 2020 को गुजरात के अहमदाबाद के श्रेय कोविड अस्पताल में भी आग लगी थी। इस हादसे में 8 मरीजों की मौत हुई थी। इनमें 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल थे। आग अस्पताल की चौथी मंजिल पर लगी।