सार
देश की राजधानी दिल्ली में ऑक्सीजन के लिए हाहाकार मचा हुआ है। दिल्ली के लोक नायक अस्पताल और पेंटामेड हॉस्पिटल में कुछ ही घंटों की ऑक्सीजन बची है।
ख़बर सुनें
विस्तार
देश की राजधानी दिल्ली में ऑक्सीजन के लिए हाहाकार मचा हुआ है। दिल्ली के लोक नायक अस्पताल और पेंटामेड हॉस्पिटल में कुछ ही घंटों की ऑक्सीजन बची है। हालांकि लोक नायक अस्पताल में ऑक्सीजन जल्द पहुंचने वाली है। लोकनायक अस्पताल प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। वहीं, ओखला के फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट ने ऑक्सीजन की कमी के कारण नए मरीजों की भर्ती बंद कर दी है।
लोक नायक अस्पताल में सिर्फ दो घंटे की ऑक्सीजन बची है। यहां एक हजार से ज्यादा मरीज भर्ती हैं। समय पर मरीजों को ऑक्सीजन नहीं मिली तो उनकी जान खतरे में पड़ सकती है।
लोक नायक अस्पताल ने इस बाबत सरकार को जानकारी दे दी है। उन्हें अश्वाशन मिल है कि जल्द ही ऑक्सीजन कन्टेनर भेजा जायेगा। जिसके बाद अस्पताल पहुंचने के लिए ऑक्सीजन कंटेनर निकल चुका है। उम्मीद है कि कुछ ही घंटे में कंटेनर अस्पताल पहुंच जाएगा।
पेंटामेड हॉस्पिटल में भी ऑक्सीजन की कमी
वहीं, पेंटामेड हॉस्पिटल में भी ऑक्सीजन की कमी हो रही है। यहां कुछ ही घंटों की ऑक्सीजन बची है। पेंटामेड हॉस्पिटल के मैनेजर दीपक सेठी ने कहा कि मैंने एक रिफिलिंग सेंटर पर 50 सिलेंडर भेजे थे, एक भी सिलेंडर रिफिल नहीं हुआ। कम से कम 50 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट में हैं और कुछ हमारे अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट के साथ हैं। पेंटामेड में रात से ही ऑक्सीजन की कमी चल रही है। इनके पास भी कुछ घंटों का ही ऑक्सीजन बचा है। हम रात में ऑक्सीजन की कमी का सामना करेंगे।
फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट ने नए मरीजों की भर्ती बंद की
ओखला के फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट ने नए मरीजों की भर्ती बंद कर दी है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि हम ऑक्सीजन की कमी के कारण कल शाम से नए प्रवेश नहीं ले रहे हैं। अस्पताल में लगभग 100 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं अस्पताल की ऑक्सीजन आपूर्ति आज दोपहर 1 बजे तक चलेगी।