चंडीगढ़, 25 नवंबर: हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद श्री अहमद पटेल जी के निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि श्री अहमद पटेल जी का यूँ अचानक चले जाना उनके लिए अत्यंत पीड़ादाई है। उनके निधन से उन्हें व्यक्तिगत क्षति हुई है। वह कांग्रेस पार्टी के एक मजबूत स्तंभ थे। श्री अहमद पटेल जी मित्र होने के साथ-साथ उनके लिए एक अनुभवी मार्गदर्शक भी थे। उनके चले जाने से उन्होंने एक अनुभवी मार्गदर्शक को खो दिया है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि श्री अहमद पटेल जी ने कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने और समाज की सेवा में अपना सम्पूर्ण जीवन लगा दिया। कांग्रेस पार्टी की एकजुटता और मजबूती के लिए उनके योगदन को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
कुमारी सैलजा ने कहा कि श्री अहमद पटेल जी की राजनीतिक दूरदर्शिता और सूझबूझ की तारीफ़ विरोधी भी करते थे। उनका निधन न केवल कांग्रेस पार्टी के लिए बल्कि इस देश की राजनीति के लिए भी एक गहरी क्षति है, जिसकी पूर्ति करना संभव नहीं है। उनके जैसे दृढ़, निष्ठावान और भरोसेमंद राजनेता का निधन भारतीय राजनीति में एक विशाल शून्य छोड़ गया है। कांग्रेस पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं और देश के लोगों की स्मृति में वह सदैव रहेंगे।
कुमारी सैलजा ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में उनकी शोक संवेदनाएं भाभी मैमूना पटेल, फैजल पटेल, मुमताज पटेल सिद्दीकी और परिवारजनों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करे।