PM मोदी ने सैनिकों के साथ मनाई दीवाली, कहा भारत को अपने सशस्त्र बलों पर गर्व

AMN

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के जैसलमेर जिले में ऐतिहासिक लोंगेवाला पोस्ट पर आज सैनिकों के साथ दीपावली मनाई। जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत को अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है, जो साहसपूर्वक राष्ट्र की रक्षा करते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जवानों का शौर्य हर परिस्थिति में विजयी रहा है, चाहे वो हिमालय की चोटियां हों, मरुस्थल का विस्तार हो या घने जंगल अथवा समुद्र की गहराइयां।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जवानों ने लोंगेवाला में असीम शौर्य का परिचय दिया और जब भी भारतीय सैनिकों की गाथा लिखी और पढ़ी जाएगी, इस युद्ध को जरूर याद किया जाएगा। सैनिकों के परिजनों के बलिदान को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि यह दीपावली सैनिकों के साथ मनाए जाने के बाद ही पूरी होगी।

विस्तारवाद की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह एक तरह का मानसिक विकार है, जो 18वीं शताब्दी की सोच को परिलक्षित करता है। उन्होंने कहा कि पूरा विश्व आज विस्तारवादी ताकतों से त्रस्त है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत इस सोच के खिलाफ मजबूत आवाज बनकर उभरा है। भारत की रणनीति स्पष्ट है और वह आपसी समझ तथा दूसरों को समझने का अवसर देने की नीति पर विश्वास रखता है। यदि कोई हमें परखने का प्रयास करेगा, तो उसे उसका गंभीर जवाब मिलेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केवल वही राष्ट्र सुरक्षित रहता है, जो आक्रमणकारियों और घुसपैठियों से निपटने में सक्षम होता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के बढ़ने और परिस्थितियों के बदलने के बावजूद यह नहीं भूलना चाहिए कि सतर्कता ही सुरक्षा की कुंजी है, तत्परता ही प्रसन्नता का आधार है और शक्ति ही विजय का विश्वास है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि सही उत्तर देने के लिए हमारे पास शक्ति और राजनीतिक इच्छाशक्ति है। उन्होंने कहा कि भारत की सैन्य शक्ति और तुलनात्मक क्षमता कई गुणा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि आज भारत आतंकवादियों और उनके आकाओं को घर में घुसकर उन्हें समाप्त कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया आज समझ चुकी है कि भारत किसी भी कीमत पर अपने हितों के साथ समझौता नहीं करेगा और हमने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी राय स्पष्ट रूप से रख दी है। श्री मोदी ने कहा कि प्रत्येक भारतवासी देश के जवानों की शक्ति, शौर्य और दृढ़ता के प्रति गौर्वान्वित है और दुनिया की कोई ताकत हमारे बहादुर सिपाहियों को सीमाओं की रक्षा करने से नहीं रोक सकती।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अपनी रक्षा क्षमताओं को तेजी से बढ़ा रहा है और इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। सरकार ने स्वदेशी हथियारों के कारखानों पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले ने 130 करोड़ भारतवासियों को वोकल फॉर लोकल के सिद्धांत पर अमल करने के लिए प्रेरित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *