डिंपल यादव, जया बच्चन और पूनम सिन्हा ने प्रयागराज में किया रोडशो

Published by Rishi May 10, 2019 | 8:28 pm
  • लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को डिंपल यादव, जया बच्चन और पूनम सिन्हा ने प्रयागराज सीट से पार्टी के प्रत्याशी राजेंद्र सिंह पटेल और फूलपुर से प्रत्याशी पंधारी यादव के समर्थन में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया।

  • सिविल लाइंस के लोहिया चौराहे से दोपहर 12 बजे शुरू हुआ यह रोड शो शाम 4:30 बजे बैरहना चौराहे पर संपन्न हुआ। इस रोड शो में बड़ी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहनों पर सवार पार्टी समर्थक शामिल हुए।

  • पार्टी के ज़िला मीडिया प्रभारी दान बहादुर सिंह ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने बीच बीच मे लोगों का उत्साह बढाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर शब्द बाण से जमकर कटाक्ष किया तो लोगों ने ताली बजा कर उनका स्वागत किया।

  • उन्होंने बताया कि रोड शो शुरु होने से पहले प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, पंधारी यादव, ज़िलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव, निवर्तमान सांसद नागेन्द्र पटेल आदि ने लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

  • घरों के छज्जों पर खड़ी महिलाओं ने उन पर खूब फूल बरसाए। सड़क के किनारे भीड़ में स्त्री-पुरूष, छात्र, नौजवान, अधिवक्ता, प्रोफेसर तथा बुजुर्ग भी थे तो बुर्के में मुस्लिम महिलाएं भी बड़ी तादाद में दिखाई दे रही थी।

  • रोड-शो का नेतृत्व कर रही श्रीमती डिम्पल यादव एवं श्रीमती जया बच्चन का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया।

  • जया बच्चन, राज्यसभा सदस्य ने कहा कि इलाहाबाद से उनका पुराना पारिवारिक रिश्ता रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और गठबंधन के सभी प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।