
गुवाहाटीः भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने रविवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस पाकिस्तान से चुनाव जीत सकती है, यदि वह वहां से लड़े क्योंकि विपक्षी पार्टी ‘‘झूठ और पड़ोसी देश का सहारा ले रही है।’’
कांग्रेस के बयानों के पाकिस्तान में होते हैं री ट्वीट
माधव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि कांग्रेस नेताओं के बयान उनके भारतीय समकक्षों से अधिक पाकिस्तान के लोगों द्वारा री ट्वीट किये जाते हैं। भाजपा नेता ने कहा, ‘‘उनकी टिप्पणियों को हमारे देश से अधिक पड़ोसी देश के लोगों द्वारा रीट्वीट और प्रचारित किया जाता है। कांग्रेस पाकिस्तान से चुनाव जीत सकती है, यदि वह वहां से लड़े। यह हमारी मुख्य विपक्षी पार्टी की स्थिति है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के पास हमारी सरकार, हमारे नेता और हमारी पार्टी को घेरने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। वह झूठ और पाकिस्तान के सहारे है।’’
अरुण जेटली ट्वीट कर बोले- राजनेताओं से ज्यादा बुद्धिमान होते हैं मतदाता
कांग्रेस भारत के लिए लड़ रही है पाकिस्तान के लिए
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘देश में कोई भी नहीं समझ पा रहा है कि वह क्या कहना चाहती है और देश को किस दिशा में ले जाना चाहती है। लोग यह भी नहीं समझ पा रहे हैं कि कांग्रेस भारत के लिए लड़ रही है या पाकिस्तान के लिए।’’
सेना पर उंगली उठा रही है कांग्रेस
माधव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता भारतीय सेना की विश्वसनीयता पर ‘‘संदेह’’ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी न केवल भाजपा नीत सरकार की सफलता पर सवाल उठा रही है बल्कि सेना के बारे में ‘‘अपमानजनक टिप्पणी’’ भी कर रही है।
सिंध में 2 हिंदू लड़कियों का अपहरण कर धर्मांतरण, पाक मंत्री को सुषमा ने लगाई लताड़
कांग्रेस सिर्फ झूठ के सहारे
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा पर भाजपा के शीर्ष नेताओं को 1800 करोड़ रुपये की रिश्वत देने के आरोप के बारे में पूछे जाने पर माधव ने कहा, ‘‘यह फर्जी खबर है…कांग्रेस के पास आज कोई मुद्दा नहीं है और वह झूठ के सहारे है।’’ माधव ने दावा किया कि आरोप हस्तलिखित पर्ची पर आधारित है जो कि कांग्रेस के एक नेता के घर से मिली थी जिसमें दावा किया गया था कि भाजपा नेता ने पैसे बांटे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘और वह कब वितरित किया गया था? 2011 में। क्या वे तब सोये हुए थे जब वे सरकार में थे? पर्ची कांग्रेस के एक नेता के घर से मिली थी।’’
कांग्रेस पर कार्टून बन सकते हैं और कुछ नहीं
राम माधव ने राफेल लड़ाकू विमान सौदे में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा लगाये गए भ्रष्टाचार के आरोपों के आगामी चुनाव के परिणामों को प्रभावित करने की आशंका खारिज की। उन्होंने कहा, ‘‘इसके विपरीत कांग्रेस पर कुछ अच्छे कार्टून बनाये जा रहे हैं। कांग्रेस के ये नकारात्मक प्रचार सोशल मीडिया में अच्छे मीम और कार्टून बनाने के लिए उपयोगी हैं। उसके अलावा इसका जनता पर कोई प्रभाव नहीं है।’’
2014 से बड़ी मोदी लहर
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि देश में 2014 की तुलना में इस समय एक बड़ी ‘‘मोदी लहर’’ है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा ने 2014 में जितनी सीटें जीती थीं उससे अधिक सीटें इस बार ‘अकेले’ जीतेगी। उन्होंने उम्मीद जतायी कि शिवसेना, जदयू, पूर्वोत्तर, उत्तर प्रदेश और दक्षिण में सहयोगी दलों सहित करीब 30 पार्टियां अच्छी संख्या में सीटें हासिल करेंगी। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे जहां भी जा रहे हैं उन्हें केवल मोदी के नारे सुनायी दे रहे हैं। (भाषा)