दिल्ली: शेल्टर होम से 9 लड़कियां लापता

नई दिल्ली

दिलशाद गार्डन स्थित संस्कार आश्रम शेल्टर होम से 9 लड़कियां लापता हैं। मामले को लेकर सरकार सख्त है और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मुख्य सचिव को वरिष्ठ अधिकारियों को सस्पेंड करने का निर्देश दिया है। एक दिसंबर और दो सिसंबर के बीच की रात लड़कियों लिए बने आश्रम में छापा मारा गया तो वहां से 9 लड़कियां गायब मिलीं। इस पर जिम्मेदार अधिकारियों का कहना था कि उन्हें कुछ भी जानकारी नहीं है कि लड़कियां कहां गईं। इसके बाद पुलिस में लड़कियों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई।

बताया जा रहा है कि आश्रम में लड़कियों के न होने की जानकारी 2 दिसंबर को सुबह मिली इसके बाद एफआइआर दर्ज कराई गई। मामले की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इन 9 लड़कियों को द्वारका के एक शेल्ट होम से 04.05.2018 को यहां ट्रांसफर किया गया था। ये लड़कियां मानव तस्करी और बड़े पैमाने पर यौन शोषण की शिकार थीं। दिल्ली सरकार ने इस मामले में विस्तृत जांच की बात कही है। वहीं मामले में दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन ने डिप्टी सीएम को पत्र लिखकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

गौरतलब है कि इससे पहले बिहार के मुजफ्फरपुर में भी शेल्टर होम में लड़कियों के उत्पीड़न का मामला सामने आया था। ऐसे में दिल्ली स्थित शेल्टर होम से 9 लड़कियां गायब होना किसी अनहोनी की दस्तक हो सकता है।