दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना का निधन

 

नई दिल्ली

MADAN LAL KHURANAदिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता मदन लाल खुराना (82) का निधन हो गया। शनिवार रात 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वह पिछले कई वर्षों से बीमार थे और काफी समय से वह राजनीतिक गतिविधियों से भी दूर थे।

दिल्ली को राज्य का दर्जा मिलने के बाद मदन लाल खुराना 1993 में दिल्ली के पहले मुख्यमंत्री बने और वह 1993 से 1996 तक इस पद पर रहे थे। उन्हें 2001 में राजस्थान का राज्यपाल बनाया गया था। मदन लाल खुराना राष्ट्रीय स्वयं सेवक (आरएसएस) के सदस्य भी थे। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से अपने राजनीति जीवन की शुरुआत की थी।

उससे पहले वह दिल्ली के महानगर पार्षद और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके थे। पार्टी में उनकी योग्यता और पकड़ को देखते हुए मदन लाल खुराना भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बनाए गए थे। उनकी राजनीतिक समझ का परिणाम था कि वह कुछ समय के लिए अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री भी रहे और बाद में उन्हें राजस्थान का राज्यपाल बनाया गया।

गौरतलब है कि मदन लाल खुराना पिछले कई वर्षोँ से बीमार थे। शनिवार रात 11 बजे कृति नगर स्थित अपने निवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बड़े पुत्र विमल खुराना का लगभग दो महीने पहले निधन हो गया था। उनके निधन पर दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी व अन्य भाजपा नेताओं ने गहरा शोक जताया है।
मदन लाल खुराना का जन्म 15 अक्तूबर 1936 में पंजाब प्रांत के लयालपुर में हुआ था। अब यह क्षेत्र पाकिस्तान में फैसलाबाद के नाम से जाना जाता है। मदन लाल खुराना की उम्र महज 12 साल की थी जब उनका परिवार बंटवारे के बाद दिल्ली आ गया। उस समय वह परिवार के साथ दिल्ली के कीर्ति नगर की रिफ्यूजी कॉलोनी में रहते थे। प्राथमिक शिक्षा के बाद मदन लाल खुराना ने दिल्ली विश्वविद्याल के नामी कॉलेज किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की थी।