21वें फीफा फुटबॉल विश्व कप के ग्रुप-डी में क्रोएशिया ने नाइजीरिया को 2-0 से हरा दिया है। रूस के केलिनिन्ग्राड में नाइजीरिया के ओघेनेकारो एटेबो के अपने ही गोलपोस्ट में गेंद डालने से विरोधी टीम क्रोएशिया को एक-शून्य की बढ़त मिली। क्रोएशिया के लूका मोड्रिच ने 71वें मिनट में पैनल्टी को गोल में बदलकर दो-शून्य की विजयी बढ़त हासिल कर ली। इससे पहले, ग्रुप-सी में फ्रांस ने ऑस्ट्रेलिया को दो-एक से हरा दिया। एंटोइन ग्रीजमैन ने विश्व कप के इतिहास में वीएआर प्रणाली से हासिल की गयी पेनल्टी पर गोल दागा, जिससे खिताब के दावेदारों में से एक फ्रांस ने ऑस्ट्रेलिया पर 2-1 से जीत दर्ज की।
एक अन्य मुकाबले में डेनमार्क ने पेरू को एक-शून्य से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज़ किया। इस बीच, पहली बार विश्व कप में शामिल हुई आइसलैंड की टीम ने अर्जेंटीना के साथ मुकाबला एक-एक से ड्रॉ कराया। यह मुकाबला अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनल मेस्सी की विफलता के लिए याद किया जाएगा। मेस्सी दर्शकों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सके और दूसरे हाफ के 65वें मिनट में पेनल्टी चूकने के बाद दर्शक काफी निराश भी हुए।
इस गोल को रोकने के बाद आइसलैंड के गोलकीपर होल-डोरसन टीम के नायक बन गये। हालांकि मुकाबला एक-एक गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ, लेकिन आइसलैंड के लिए यह मैच निश्चित रूप से किसी जीत से कम नहीं था। दो बार की चैम्पियन अर्जेंटीना की ओर से एकमात्र गोल सर्खियो अग्वेरो ने 19वें मिनट में दागा। आइसलैंड के स्टार खिलाड़ी अल्फ्रेस फिनबोसा ने 23वें मिनट में विश्व कप का पहला गोल कर एक और इतिहास बनाया।