WEB DESK
कर्नाटक विधानसभा चुनावों में सर्वाधिक सीटें जीतकर प्रदेश में सरकार बनाने वाली भाजपा की सरकार शनिवार को गिर गई। बीएस येदियुरप्पा ने दो दिन बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इस मामले उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी समेत कई क्षेत्रीय पार्टियों के नेताओं ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
अखिलेश यादव ने ट्वीट करके कहा ‘आज का दिन भारतीय राजनीति में धनबल की जगह जनमत की जीत का दिन है। सबको खरीद लेने का दावा करने वालों को आज यह सबक मिल गया है कि अभी भी भारत की राजनीति में ऐसे लोग बाकी हैं, जो उनकी तरह राजनीति को कारोबार नहीं मानते। अखिलेश यादव ने केंद्र में भाजपा की सरकार को घेरते हुए कहा कि नैतिक रूप से तो केंद्र की सरकार को भी इस्तीफा दे देना चाहिए।
https://twitter.com/yadavakhilesh/status/997805429060071424
येदियुरप्पा के इस्तीफे पर यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री और बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने कहा कि ‘यह भाजपा के लिए बड़ा झटका है, मैं समझती हूं कि उनकी 2019 को लेकर तैयार की गई रणनीति फेल हो गई है।
उन्हें अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘भाजपा ने सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग किया। राज्यपाल को स्वतंत्र तरीके से काम नहीं करने दे रही भाजपा। साथ ही उन्होंने राज्यपाल से इस्तीफा भी मांगा। मायावती का कहना है कि हर साजिश काम नहीं आती। भाजपा हर राज्य में कब्जा करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा अल्पमत में भी सरकार बनाना चाहती थी। लेकिन काठ पर हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। मायावती ने शनिवार को कर्नाटक मामले पर सुप्रीम कोर्ट का भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने लोकतंत्र को बचा लिया।
वहीं तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर इसे लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘लोकतंत्र की जीत है। कर्नाटक को बधाई। देवगौड़ा जी, कुमारस्वामी जी, कांग्रेस और अन्य को बधाई।’ रीजनल फ्रंट की जीत है।’ बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने ट्विट कर कहा कि सत्य को कभी भी हराया नहीं जा सकता। सत्य हमेशा झूठ को हराता रहा है।
उधर दिल्ली से कांग्रेस को बेदखल करने वाले अरविंद केजरीवाल भी गदगद दिखे। उन्होंने ट्विट कर कहा कि भाजपा की कर्नाटक में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश नाकाम हो गई। सत्ता के प्रति बीजेपी की लालसा का पर्दाफाश हुआ है। क्या भाजपा इस घटना से कोई सबक लेगी।. वहीं राज बब्बर ने भी भाजपा की इस हार को लोकतंत्र की जीत बताया है। साथ ही यूपी कांग्रेस प्रमुख राज बब्बर ने कर्नाटक में भाजपा की सरकार दो दिन में गिर जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी के हौसले और हिम्मत को सलाम।