शिलांग।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमले जारी रखते हुए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि वह देश पर शासन करने के लिए भारतीय समाज में जहर घोल रहे हैं।
गांधी ने मेघालय के मतदाताओं से अपील की कि वे विधानसभा चुनाव में 27 फरवरी को कांग्रेस को वोट देकर भाजपा की इस हिमाकत का करारा जवाब दें।
कांग्रेस अध्यक्ष ने शिलांग में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, वह (नरेंद्र मोदी) आते हैं और एक भारतीय को दूसरे भारतीय से लड़ाने की कोशिश करते हैं। एक आदिवासी को दूसरे आदिवासी से, एक दलित को दूसरी जाति को, एक मुसलमान को अन्य जातियों को लड़ाकर वह समाज में जहर घोलने का काम करते हैं। ऐसा वह देश पर हर हाल में शासन करने के लिए करते हैं।
उन्होंने अपने चुनाव प्रचार के दूसरे दिन शिलांग के पुलिस बाजार में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने कहा, आप कश्मीर, असम, गुजरात, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हिंसा कर सकते हैं क्योंकि भाजपा शासित राज्यों में यह जायज है। हमारी लड़ाई इसके खिलाफ है।'
भाजपा शासित राज्य में कानून-व्यवस्था की दयनीय स्थिति का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, आप मध्यप्रदेश जाकर देखें, वहां चर्च जलाए जा रहे हैं। लोगों को क्रिश्चियन गीत गाने पर पीटा जा रहा है।
वहां भय का माहौल है क्योंकि वे लोग इसको प्रोत्साहन देते हैं। गुजरात में दलितों और अल्पसंख्यकों को धमकियां दी जा रही हैं। उनकी पूरी विचारधारा हमेशा विभाजन और दमन की रही है।
गांधी ने चर्च को करोड़ों रुपये देने की पेशकश करने का भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा, भाजपा मेघालय में आती है और चर्चों को करोड़ों रुपये देने की पेशकश करती है।
ऐसा वह सिर्फ इसलिए करती है क्योंकि वह सोचती है कि गोवा और मणिपुर की तरह वह यहां भी कुछ विधायकों को खरीद सकती है। उन्हें अहंकार है कि वे लोग चर्च, धर्म तथा भगवान को खरीद सकते हैं। उनके अहंकार का यह स्तर है, यह घृणित है।
गांधी ने कहा, भाजपा के पास बहुत धन हैं। प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार की बात करते हैं, लेकिन किसी सवाल का जवाब नहीं देते हैं।
भाजपा के पास इतना धन कहां से आता है जिसे वह प्रचार पर खर्च करती है। यह निश्चित रूप से लोगों की खुशी से नहीं आ रहा है।