पुणे।
गांगेय पश्चिम बंगाल के तटीय इलाके और ओडिशा में अगले 24 घंटों के दौरान हल्के से मध्यम कोहरे का प्रभाव होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के कर्नाल में आज सुबह घना से अत्याधिक घना कोहरा छाया रहा।
सिक्किम के गंगटोक में घना कोहरा और पंजाब के लुधियाना में हल्के से मध्यम कोहरे का प्रभाव रहा। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से बहुत अधिक नीचे दर्ज किया गया तथा ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश और केरल के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे रहा।
इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी राजस्थान, गुजरात ,उत्तराखंड ,पंजाब, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ के कुछ हिस्सों में तथा पश्चिमी राजस्थान के शेष हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा।
अरुणाचल प्रदेश , असम, मेघालय, गांगेय पश्चिम बंगाल, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मराठवाड़ा, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के अलावा गुजरात के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर रहा। पूर्वी मध्य प्रदेश के मांडला में सबसे कम 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान बारिश हुयी या फिर गरज के साथ छींटे पडे।
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और लक्षद्वीप में मौसम शुष्क रहा।