पुणे।
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, गांगेय पश्चिम बंगाल के तटीय इलाके, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे में हल्का कोहरा छाये रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार ओडिशा के चांदबाली, हरियाणा के करनाल, पंजाब के लुधियाना, सौराष्ट्र के पोरबंदर और कच्छ के नलिया में सोमवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा।
रात का तापमान तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में सामान्य से बहुत अधिक नीचे रहा। इसके साथ ही रायलसीमा और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्व मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल के कुछ हिस्सों में तथा तमिलनाडु के शेष हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से बहुत अधिक ऊपर दर्ज किया गया। पूर्व राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के कुछ स्थानों पर तथा पश्चिम राजस्थान के शेष स्थानों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा और असम, मेघालय, उत्तराखंड, कोंकण और गोवा में सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।
हरियाणा के करनाल में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में तथा पश्चिम बंगाल के पर्वतीय हिस्सों और सिक्किम के अलग-अलग स्थानों पर बारिश हुयी या फिर गरज के साथ छींटे पड़े। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में मौसम शुष्क रहा।