दांव पर 374 उम्मीदवारों की किस्मत, मेघालय पर चढ़ेगा किसका रंग

Daily news network Posted: 2018-02-20 12:37:19 IST Updated: 2018-02-20 13:02:46 IST
दांव पर 374 उम्मीदवारों की किस्मत, मेघालय पर चढ़ेगा किसका रंग
संक्षिप्त विवरण

शिलांग।

मेघालय में 27 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए जोर शोर से प्रचार जारी है। भाजपा पूर्वोत्तर इलाके के मेघालय में अपना केसरिया झंडा बुलंद करने की तैयारी में है। मेघालय, भाजपा के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पिछले 15 साल से कांग्रेस का रथ निर्बाध दौड़ता रहा है। तो वहीं इस बार कांग्रेस अपनी कुर्सी को बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। भाजपा जहां एक तरफ सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, वहीं जमीन पर एक एक मतदाताओं को कांग्रेस के कुशासन के बारे में बताया जा रहा है। मेघालय में भाजपा ने 'मिशन 40' चलाया है आैर कांग्रेस मुक्त भारत का ध्येय लेकर भाजपा आगे बढ़ रही है।



भाजपा का कांग्रेस पर हमला


मेघालय विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मेघालय दौरा किया। कांग्रेस के गढ़ गारो हिल्स में रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने राज्य के मुख्यमंत्री मुकुल सांगमा और उनकी पत्नी एवं मंत्री पर 'मियां-बीबी' सरकार कहकर निशाना साधा। राजनाथ ने कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से केंद्र ने राज्य के लिए कोष का आवंटन बढ़ा दिया। लेकिन राज्य अभी तक विकास से दूर है। पूर्वोत्तर के राज्य में भाजपा को सत्ता में लाने की पुरजोर वकालत करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि पार्टी अगर सत्ता में आई तो मेघालय को पूर्व का स्कॉटलैंड बनाएगी। इस राज्य के पास पर्यटन में असीम संभावनाएं हैं।

UDP के चुनावी वादे


पार्टी ने अपने चुनावी मैनिफेस्टो में एेलान किया कि सरकारी नौकरी के लिए मौजूदा 27 वर्ष की आयु को बढ़ाकर 32 साल कर दिया जाएगा। यानी पांच साल की और छूट दे दी जाएगी। घोषणापत्र में कहा गया कि पार्टी गरीबी रेखा (बीपीएल) के नीचे के बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान करेगी और किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पेश करेगी। यूडीपी ने राज्य में चूना पत्थर के खनन के लिए एकल विंडो एजेंसी स्थापित करने का भी वादा किया है। कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए यूडीपी नेता ने कहा कि वर्तमान सरकार एक उदास राजनीतिक और आर्थिक भविष्य की विरासत को पीछे छोड़ देगी।


374 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर


60 सदस्यीय विधानसभा के लिए कुल 374 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। कांग्रेस जहां सभी 60 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं वहीं एनपीपी 52, भाजपा 47, पीपल डेमोक्रेटिक फ्रंट 26, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी 21, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी 13, हिल स्टेट पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी 13 और दूसरी पार्टियां चुनावी मैदान में हैं। इस चुनाव में 85 निर्दलीय और 33 महिला प्रत्याशी भी अपनी किस्मत आजमां रही हैं। ये चुनाव न केवल कांग्रेस के लिए लिटमस टेस्ट की तरह है बल्कि भाजपा किसी भी सूरत में इस पहाड़ी राज्य में केसरिया झंडा फहराने की कोशिश में है।