शिलांग।
मेघालय विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रचार अभियान की कमान राहुल गांधी ने संभाल ली है। राहुल गांधी मंगलवार से दो दिन के मेघालय के दौरे पर हैं। राज्य में दो दिन में राहुल की तीन रैलियां होनी हैं। मेघालय के 60 सीटों के लिए 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। 3 मार्च को नतीजे का ऐलान होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का दो दिन का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी दो रैली करेंगे। पहली रैली उत्तरी गारो जिले के मेंडीपाथर में मिंगचेनग्राम कल्चरल क्लब प्लेग्राउंड में सुबह 11,30 बजे से दोपहर 1 बजे तक होनी है। इसके बाद राहुल गांधी पश्चिमी गारो हिल्स के गौरोबाधा इलाके में दूसरी रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली दोपहर 1.30 बजे से 3.00 बजे तक होनी है। दोनों रैलियों के बाद शाम को राहुल गांधी पश्चिमी गारो हिल्स में रात गुजारेंगे। दूसरे दिन बुधवार को राहुल गांधी जोवाई के चाटबाकु फुटबॉल मैदान में सुबह 11 बजे एक रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली के बाद राहुल शिलांग जाएंगे, जहां उनका जनसंवाद का कार्यक्रम है। इसके बाद राहुल गुवाहाटी से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
बता दें कि त्रिपुरा में चुनावी जंग खत्म होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अब मेघालय पर फोकस कर रही है। ऐसे में कांग्रेस भी कोई कोर-कसर छोडऩा नहीं चाहती। इसी कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राज्य का दौरा कर रहे हैं, ताकि चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भर सके। बता दें कि इसके पहले राहुल गांधी ने 30 और 31 जनवरी को मेघालय का दौरा किया था।
दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने मेघालय में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को लेकर गहरी चिंता जताई। माधव ने संवाददाताओं से कहा कि रविवार रात गारो हिल्स में शक्तिशाली विस्फोट में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के उम्मीदवार जोनाथन एन संगमा और तीन अन्य की मौत की घटना से स्पष्ट है कि मुकुल संगमा सरकार के कार्यकाल में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बहुत बिगड़ चुकी है और इस बात का भी संकेत है कि राज्य में चुनाव स्वतंत्र एवं निष्पक्ष नहीं हो सकेंगे। भाजपा नेता ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी सांत्वना जताई है।