त्रिपुरा चुनाव 2018: मतदान के बीच में कई जगहों पर EVM में गड़बड़ी की शिकायतें

Daily news network Posted: 2018-02-18 12:45:24 IST Updated: 2018-02-18 12:52:44 IST
त्रिपुरा चुनाव 2018:  मतदान के बीच में कई जगहों पर EVM में गड़बड़ी की शिकायतें
संक्षिप्त विवरण

अगरतला।

त्रिपुरा में आज सुबह सात बजे से 59 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई। 3,174 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं। त्रिपुरा विधानसभा की 60 में से 59 सीटों पर वोटिंग हो रही है। चारीलम विधानसभा सीट से माकपा उम्मीदवार रामेंद्र नारायण देब वर्मा की मौत के बाद एक सीट पर चुनाव टल गया है। इस सीट पर चुनाव 12 मार्च को होगा।

अगरतला में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने वोट किया। माणिक सरकार धनपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। मतदान के दौरान कई जगहों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत मिली। दक्षिणी त्रिपुरा में कई ईवीएम काम नहीं कर रहे हैं, अगरतला के बिजय कुमारी स्कूल और हरि गंगा स्कूल में ईवीएम मशीन में खराबी है। साउथ त्रिपुरा में कई ईवीएम खराब होने की शिकायत सामने आई है।

बीजेपी ने यहां वाम मोर्चा को टक्‍कर देने के लिए इंडिजीनियस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) के साथ गठबंधन किया है। बीजेपी राज्य की 60 में से 51 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि सहयोगी दल आईपीएफटी 9 सीटों पर दांव आजमा रही है। त्रिपुरा में सत्‍तारूढ़ लेफ्ट फ्रंट की बात करें तो सबसे बड़ी पार्टी सीपीआई-एम राज्‍य की 60 में से 57 सीटों पर लड़ रही है, जबकि अन्‍य वामपंथी दल- आरएसपी, फॉरवर्ड ब्‍लॉक और सीपीआई 1-1 सीट पर चुनाव लड़ रहे हैं।


निर्वाचन आयोग ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 3174 मतदान केंद्रों पर 16 हजार चुनावकर्मियों को सुरक्षा बलों के 20 हजार जवानों के साथ तैनात किया है। विधानसभा चुनाव में राज्य के 25.37 लाख मतदाता विभिन्न दलों के 292 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 13 लाख पुरुष और 12 लाख महिलाएं मतदाता शामिल हैं। चुनाव आयोग के अनुसार 47803 मतदाता ऐसे हैं जो पहली बार मताधिकार का प्रयोग करेंगे।


राज्य में कुल 3214 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। मतदान व्यवस्था के लिए चार हजार सरकारी वाहनों के अलावा 22 हजार अन्य वाहनों को ड्यूटी पर लगाया है। राष्ट्रीय राजमार्ग, जिला सड़कों और गांवों की सड़कों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बल के जवान मार्च करेंगे।