त्रिपुरा में चुनाव प्रचार खत्म होने पर भी हिंसा जारी

Daily news network Posted: 2018-02-18 07:58:42 IST Updated: 2018-02-18 07:58:42 IST
त्रिपुरा में चुनाव प्रचार खत्म होने पर भी हिंसा जारी
संक्षिप्त विवरण

अगरतला|

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों पर हमले की शिकायत के बाद पुलिस ने कल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कम से कम पांच कार्यकर्ताओं को खोवाई से गिरफ्तार कर लिया।


आरोप है कि एक व्यक्ति ने खोवाई के गौरनगर क्षेत्र से हाल ही में माकपा से भाजपा में शामिल हुए पांच ग्रामीणों पर हमला किया। इन ग्रामीणों ने 15 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में हिस्सा लिया था।


ग्रामीणों की शिकायत है कि माकपा कार्यकर्ताओं ने पहले ही भाजपा में शामिल न होने की चेतावनी दी थी। पीड़ित सुबोध दास का आरोप है कि माकपा कार्यकर्ताओं में सड़क पर उन पर हमला किया और बाद में गांव में उनके घरों में हमला किया। उनके साथी समर्थक ने जब माकपा कार्यकर्ताओं पर जवाबी हमला किया तो वे वहां से भाग गये लेकिन उनकी पहचान कर ली गयी।

पुलिस ने कहा कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन उन्होंने आरोपों से इन्कार किया है। माकपा ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ता मतदाताओं को अवैध तरीके से लुभाने का प्रयास कर रहे थे, इसलिए उनको गांवों में प्रवेश करने के रोका गया। माकपा का आरोप है कि पुलिस भाजपा के पक्ष में काम कर रही है।


त्रिपुरा की माकपा इकाई के सचिव बिजन धर ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज करायी है कि चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद कल धलई जिले के 44-रैमा वैली (अनुसूचित जनजाति) विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गंदाचेर्रा में असम के मंत्री पल्लव लोचन दास और भाजपा नेता एक 'संदिग्ध' वाहन के साथ देखे गये।


उन्होंने आरोप लगाया है कि ग्रामीणों ने मंत्री को वाहन समेत पकड़ लिया। इस वाहन पर उनाकोटि जिले के पुलिस अधीक्षक का फर्जी सरकारी स्टिकर लगा हुआ था। मंत्री के पास से कुछ भारी सूटकेस भी मिले हैं। धलई के पुलिस अधीक्षक एस आर दास ने कहा कि श्री दास को गंदाचेर्रा से पुलिस संरक्षण में अगरतला की ओर ले जाया गया और उनको निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करने की हिदायत देते हुए वापस जाने के लिए कहा गया।


राज्य की भाजपा इकाई के प्रभारी सुनील देवधर ने कहा कि पश्चिम त्रिपुरा और खोवई जिलों में कई स्थानों पर कल रात भाजपा उम्मीदवार और कार्यकर्ताओं पर हमले किये गये। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा क्षेत्र गोलाघाटी (अनुसूचित जनजाति) के भाजपा उम्मीदवार पर हमला किया गया और उसकी मोटरसाइकिल को क्षति पहुंचायी गयी। इसी तरह माकपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार देर रात भाजपा उपाध्यक्ष और सोनमुरा के उम्मीवार सुबल भौमिक पर बम फेंका।

माकपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार रात खोवई, तेलियामुरा, मज्लिसपुर और मंडई सीट से उम्मीदवारों पर भी हमले किये गये और कुल मिलाकर उनके 12 कार्यकर्ता घायल हुए हैं। पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) के वी श्रीजेश ने मीडिया को बताया कि राज्य पुलिस और त्रिपुरा स्टेट राइफल और पर्याप्त संख्या में केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (सीपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए ज्यादातर क्षेत्रों में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू की गयी है।


श्रीजेश ने कहा, 'स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी कदम उठाये गये हैं। तनाव पैदा करने की किसी भी तरह की कोशिश को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। सभी मतदाता बिना किसी भय के स्वतंत्र रूप से अपना मतदान कर सकेंगे।