Tripura Election 2018 : माणिक सरकार ने कहा- वाममोर्चे की आठवीं सरकार बनेगी

Daily news network Posted: 2018-02-18 09:21:50 IST Updated: 2018-02-18 16:03:45 IST
Tripura Election 2018 : माणिक सरकार ने कहा- वाममोर्चे की आठवीं सरकार बनेगी
संक्षिप्त विवरण

अगरतला।

पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा में विधानसभा की 59 सीटों पर चुनाव के लिए वोटिंग चल रही है। वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू हुई। इस चुनाव में कुल 292 उम्मीदवार दौड़ में हैं। राज्य में 3,174 मतदान केंद्रों पर शाम चार बजे तक मतदान होगा।


- अगरतला में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने किया मतदान, सरकार धनपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। मुख्यमंत्री मानिक सरकार ने अपनी पत्नी पांचाली भट्टाचार्य के साथ मतदान करने के बाद कहा कि यह निश्चित है कि इस चुनाव के बाद वाममोर्चे की आठवीं सरकार बनेगी। हमें इसकी पूरी उम्मीद है।


त्रिपुरा के बीजेपी अध्यक्ष विपल्व कुमार देव ने वोट डालने के बाद दावा किया कि इस बार राज्य में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत होगी।



- त्रिपुरा के उदयपुर में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान करने पहुंचे लोगों ने कहा कि हम ऐसी सरकार चाहते हैं, जो राज्य में विकास कर सके।


विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 3,174 मतदान केंद्रों पर 16 हजार चुनावकर्मियों को सुरक्षा बलों के 20 हजार जवानों के साथ तैनात किया गया है। चुनाव में राज्य के 25.37 लाख मतदाता विभिन्न दलों के 292 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक राज्य में मतदान व्यवस्था के लिए चार हजार सरकारी वाहनों के अलावा 22 हजार अन्य वाहनों को ड्यूटी पर लगाया है।




इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और वामदल के बीच माना जा रहा है। पिछले 25 सालों से वाम दल त्रिपुरा की सत्ता पर काबिज है। यूं तो राज्य में 60 विधानसभा की सीटें हैं, लेकिन चरीलम विधानसभा सीट से माकपा के उम्मीदवार रामेंद्र नारायण देब बर्मा की पांच दिन पहले हुई मौत के कारण इस सीट पर चुनाव 12 मार्च को होगा।

राज्य के मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने पांचवी बार फिर से सीएम की कुर्सी पर काबिज होने के मकसद से धुआंधार प्रचार किया है। उन्होंने माकपा के प्रचार अभियान का नेतृत्व करते हुए राज्य में करीब 50 रैलियों को संबोधित किया। दूसरे वामपंथी दलों से भी माणिक सरकार को इन चुनावों में समर्थन मिल रहा है।



भारतीय जनता पार्टी पूरे दमखम से इस चुनाव में सत्तारुढ़ वामदल को टक्कर देने के मकसद से उतरी है। स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में चुनावी सभा करते देखे गए। पीएम मोदी ने राज्य में चार रैलियों को संबोधित किया। पीएम की रैलियों के साथ ही बीजेपी ने पूरे राज्य में जमकर प्रचार किया है।


पीएम मोदी के साथ ही यहां पर बीजेपी के कद्दावर नेता जैसे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, नितिन गडकरी और स्मृति ईरानी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसों ने चुनाव प्रचार की कमान संभाली।



राज्य के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का प्रचार अभियान बीजेपी से काफी हल्का दिखा। यहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मात्र एक रैली को संबोधित किया। राहुल गांधी प्रचार के आखिरी दिन उनाकोटी जिले के कैलाशहर में एक रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। इस रैली में उन्होंने पीएम मोदी और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा था।

कितने कैंडिडेट मैदान में?


- 60 सीटों के लिए कुल 307 कैंडिडेट चुनाव लड़ रहे हैं।


- सीपीएम पर 57 और लेफ्ट फ्रंट 3 सीटों पर।


- बीजेपी 51 सीटों पर औैर सहयोगी पार्टी आईपीएफटी 9 पर मैदान में है।


- कांग्रेस 59 सीट पर चुनाव लड़ रही है। एक सीट पर उम्मीदवार नहीं उतारा।


- टीएमसी ने चुनाव में ज्यादा दिलचस्पी नहीं ली। उसके 25 कैंडिडेट हैं।