BJP का आरोप, माकपा फैला रही है त्रिपुरा में खतरनाक अफवाह

Daily news network Posted: 2018-02-16 17:04:06 IST Updated: 2018-02-16 17:08:43 IST
BJP का आरोप, माकपा फैला रही है त्रिपुरा में खतरनाक अफवाह
  • पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में से एक त्रिपुरा में मतदान में अब कुछ दिन ही बचे हैं राज्य में सियासी पारा चढ़ने लगा है लेकिन इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने त्रिपुरा की सत्तारूढ़ पार्टी माकपा पर बेहद गंभीर आरोप लगाया है।

अगरतला

पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में से एक त्रिपुरा में मतदान में अब कुछ दिन ही बचे हैं राज्य में सियासी पारा चढ़ने लगा है लेकिन इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने त्रिपुरा की सत्तारूढ़ पार्टी माकपा पर बेहद गंभीर आरोप लगाया है।




बीजेपी ने माकपा पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके कार्यकर्ता यह अफवाह उड़ा रहे हैं कि वह इस बात का पता लगा लेंगे कि किसने किस पार्टी को वोट दिया है। भाजपा ने इस बावत चुनाव आयोग से संपर्क किया है। गुरुवार को भाजपा ने चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पिछले कई चुनावों में माकपा यहां ‘बड़े पैमाने पर हेराफेरी’ और अफवाह फैलाकर मतदाताओं को डराने और हिंसा करने में संलिप्त रहकर’ चुनावी प्रक्रिया को बाधित कर रही थी।


ज्ञापन में कहा गया है कि कथित अफवाह के अनुसार अगर कोई भाजपा को मतदान करता है तो इवीएम मशीन से तेज आवाज आएगी और प्रत्येक पोलिंग बूथ पर कैमरा लगे होंगे जिसके जरिए माकपा के कार्यकर्ता चुनावी प्रक्रिया पर नजर रखने में सक्षम होंगे।

ज्ञापन में भाजपा ने दावा किया है कि इस अफवाह ने राज्य में पकड़ बना ली है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि मुख्य चुनाव अधिकारी ने मतदाताओं को वीवीपैट मशीन के बारे में और अन्य चीजों के बारे में शिक्षित करने के लिए कोई अभियान नहीं चलाया है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि गारो हिल्स में उग्रवाद का उभार फिर से हो रहा है। पार्टी ने कहा है कि पुलिस पर्यवेक्षकों और चुनाव अधिकारियों को इन सभी के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।


आपको बता दें कि त्रिपुरा में इसी महीने 18 फरवरी को मतदान होने हैं जिसमें 60 सदस्यों वाली विधानसभा के लिए सीपीएम एक तरफ अपने किले को बचाने में जुटी है तो भाजपा त्रिपुरा को केसरिया रंग सराबोर करने की पुरज़ोर कोशिश कर रही है।