त्रिपुरा में 7 मतदान केन्द्रों का संचालन महिलाएं करेंगी

Daily news network Posted: 2018-02-16 08:56:35 IST Updated: 2018-02-16 08:56:35 IST
त्रिपुरा में 7 मतदान केन्द्रों का संचालन महिलाएं करेंगी
  • त्रिपुरा में चुनावी प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने राज्य के गोमाती जिले में महिलाओं द्वारा संचालित सात मतदान केन्द्र स्थापित करने को हरी झंडी दिखाई है

उदयपुर।

त्रिपुरा में चुनावी प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने राज्य के गोमाती जिले में महिलाओं द्वारा संचालित सात मतदान केन्द्र स्थापित करने को हरी झंडी दिखाई है। गोमाती के जिला मजिस्ट्रेट रावल एच कुमार ने यहां बताया कि चुनाव आयोग ने जिले के सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में महिलाओं द्वारा संचालित सात मतदान केन्द्र और दिव्यांगों के लिए एक सहायता उपलब्ध कराने वाले एक मतदान केन्द्र को स्थापित करने की योजना बना रहा है।

महिलाओं द्वारा संचालित केन्द्रों पर पीठासीन अधिकारी, तीन निर्वाचन अधिकारी और सुरक्षा कर्मी सभी महिलाएं होंगी। चुनाव संचालन प्रक्रिया से जुड़े एक अधिकारी ने कहा कि महिलाओं द्वारा संचालित मतदान केन्द्रों पर पुरुष और महिलाएं दोनों मतदान कर सकेंगे। ऐसे केन्द्रों की स्थापना से महिलाओं-पुरुषों में समानता का एक अच्छा संदेश दिया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना चुनाव आयोग का एक लक्ष्य भी है।


दूसरी तरफ त्रिपुरा में सत्तारुढ़ माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने चुनाव अभियान की समाप्ति पर मुख्य चुनाव अधिकारी से भारतीय जनता पार्टी के राज्य प्रभारी सुनील देवधर समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के उन कार्यकर्ताओं को राज्य के बाहर करने की मांग की, जो मतदाता नहीं हैं। 60 सदस्यीय विधान सभा के लिए राज्य में 18 फरवरी को मतदान होगा। माकपा ने मुख्य चुनाव अधिकारी को लिखे पत्र में कहा कि चुनाव आयोग के नियम के मुताबिक प्रचार के समाप्त हो जाने पर किसी भी निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता के अलावा कोई बाहरी व्यक्ति नहीं रह सकता। माकपा ने पिछले कई सप्ताहों से भाजपा के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।