अगरतला/कैलाशहर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी त्रिपुरा में दो महत्वपूर्ण चुनावी रैलियों को संबोधित करने के लिए आज राज्य के दौरे पर आयेंगे। इससे पहले प्रधानमंत्री ने आठ फरवरी को पहला चुनावी दौरा किया था। राज्य में 18 फरवरी को विधान सभा चुनाव होना है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मोदी की रैलियों के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं। प्रधानमंत्री दक्षिणी त्रिपुरा जिले के शांतिर बाजार में पहले चुनावी रैली को संबोधित करेंंगे और इसके बाद वह राजधानी अगरतला में एक महत्वपूर्ण जनसभा को संबोधित करेंगे।
सबकी निगाहें श्री मोदी की चुनावी रैलियों पर होगी। गत विधान सभा चुनाव में भाजपा का वोट प्रतिशत मात्र 1.57 था जो 2014 के आम चुनाव में बढकर 5.7 प्रतिशत हो गया। इस बार पार्टी की स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है और यह 25 साल से राज्य में शासन कर रही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी(माकपा) को कड़ी टक्कर दे रही है।
मोदी ने अपनी पिछली चुनावी रैली में राज्य की माणिक सरकार पर तंज कसते हुए कहा था कि इस राज्य को गलत 'माणिक' मिल गया है, उसे 'हीरा' की जरूरत है। माणिक गलत तरीके से धारण किया जाये तो वह नुकसान पहुंचाता है।
हीरा से उनका अभिप्राय हाईवे, आईवेज, रोड्स और एयरवेज था। इस बीच कांग्रेस सूत्रों के अनुसार पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी कैलाशहर में पार्टी की चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए आने वाले हैं। त्रिपुरा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बिराजित सिन्हा कैलाशहर से दूसरी बार चुनाव मैदान में खड़े हैं।
सिन्हा त्रिकोणीय चुनौती का समाना कर रहे हैं। माकपा के उम्मीदवार एम अली और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के उम्मीदवार नीतीश देव से उन्हें कड़ी टक्कर मिल रही है। देव माकपा छोड़कर भाजपा में आये हैं। राज्य की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए 18 फरवरी को मतदान होगा और तीन मार्च को चुनाव परिणाम घोषित किये जाएंगे।