अपने शरीर में छिपा रखे थे छह-छह सोने के बिस्कुट, सिलचर एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

- असम के सिलचर हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह दो यात्रियों के पास से दो किलोग्राम सोना पकड़ा गया है जिसका बाजार मूल्य तकरीबन 30 लाख रुपए है।
सिलचर।
असम के सिलचर हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह दो यात्रियों के पास से दो किलोग्राम सोना पकड़ा गया है जिसका बाजार मूल्य तकरीबन 30 लाख रुपए है।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने बताया कि सुबह 6.30 बजे विमान में सवार होने से पहले की जांच के दौरान दो यात्रियों के शरीर में धातु पाया गया।
किशोर कुमार कक्कड़ और जगदीश लाल नाम के दोनों यात्री एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई-754 से सिलचर से कोलकाता जा रहे थे। कोलकाता से उन्हें एआई-021 से दिल्ली आना था।
संदेह के आधार पर दोनों को अलग ले जाकर पूरी जांच की गयी। जांच के दौरान पता चला कि दोनों ने अपने शरीर में छह-छह सोने के बिस्कुट छिपा रखे हैं।
इन बिस्कुटों का कुल वजन तकरीबन दो किलोग्राम और बाजार मूल्य लगभग 60 लाख रुपये है। इसके बाद सीआईएसएफ तथा कस्टम के वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गयी। बाद में सोने के बिस्कुटों के साथ दोनों आरोपियों को कस्टम के हवाले कर दिया गया।