त्रिपुरा में चलेगा मोदी मैजिक या होगी बीजेपी की हवा खराब

- भाजपा एक बार फिर से 'मोदी मैजिक' के सहारे त्रिपुरा की सत्ता को हासिल करने के लिए काम कर रही है। जिसके चलते गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
अगरतला
भाजपा एक बार फिर से 'मोदी मैजिक' के सहारे त्रिपुरा की सत्ता को हासिल करने के लिए काम कर रही है। जिसके चलते गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

भाजपा ने त्रिपुरा की माणिक सरकार की अगुवाई वाली वामपंथी सरकार को चुनावी अखाड़े में पटखनी देने के लिए अपना आखिरी दांव चला है। इसी के तहत पीएम त्रिपुरा पहुंचेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया कोऑर्डिनेटर अनिल बलूनी ने कहा, 'एक समय था जब 20-25 लोग ही केवल एकत्र होते थे और पार्टी को उसी में संतुष्ट होना पड़ता था। लेकिन पार्टी अध्यक्ष की ज्यादातर रैलियों में 20,000 से ज्यादा लोगों पहुंचे।' बता दें कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के दो दिवसीय त्रिपुरा यात्रा के दौरान बलूनी भी उनके साथ मौजूद थे।
पिछले सप्ताह भी पीएम मोदी ने त्रिपुरा का दौरा किया था और अब पीएम की इस चुनावी यात्रा को भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने भी कई सार्वजनिक मीटिंग और रोडशो किए थे। गृहमंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व भाजपा नेता योगी आदित्यनाथ भी पार्टी के मुख्य चुनाव प्रचारक हैं।

देश के आधे से ज्यादा राज्यों में अपना कब्जा जमा चुकी भाजपा को त्रिपुरा में पिछले विधानसभा चुनाव में 2 फीसद से भी कम वोट मिले थे। ऐसे में अन्य राज्यों के मुकाबले त्रिपुरा में पार्टी को ज्यादा मेहनत करने पड़ेगी। वहीं, बात करें माणिक सरकार की तो, पिछले चुनाव में 50 फीसद से अधिक वोटों के साथ वामदल ने सत्ता हासिल की थी। अब सीएम माणिक सरकार को अपनी कुर्सी बचाने के लिए रोजगार, विकास, पेयजल और बिजली जैसे बुनियादी मुद्दों को ध्यान में रखना होगा।
राज्य में राजनीति जोरों पर है सभी राजनीतिक पार्टियां के प्रमुख प्रचारकों के शामिल हो जाने से चुनाव प्रचार में तेजी आ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल त्रिपुरा के दौरे पर हैं। वे दक्षिण त्रिपुरा जिले के संतिरबाजार और पश्चिम त्रिपुरा जिले के अगरतला में रैलियां करेंगे। दूसरी तरफ वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण आज खेरपुर और रामनगर निर्वाचन क्षेत्रों में रैलियां करेंगे। जबकि मुख्यमंत्री माणिक सरकार सोनामुरा और सदर सब-डिविजन में रैलियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान चुनाव के मद्देनजर राज्य पुलिस ने एक टोल फ्री कॉलिंग सुविधा शुरू की है। यह नम्बर डायल करके कोई भी व्यक्ति सुरक्षा मामलों के बारे में जानकारी हासिल कर सकता है।