गुवाहाटी
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे में आंधी और तूफान के साथ ओलावृष्टि का अनुमान है। मौसम विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस दौरान उत्तर राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में शीत लहर चल सकती है। पश्चिम बंगाल के पर्वतीय क्षेत्र के बाघडोगरा में सुबह घना से अति घना कोहरा छाया रहा। माजभाट, हाफलोंग और धुब्री (असम), कूच बिहार (पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाके), भागलपुर (बिहार), नयी दिल्ली और पंजाब के लुधियाना में हल्का कोहरा छाया रहा।
रात का तापमान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और तेलंगाना में सामान्य से बहुत अधिक नीचे था। उत्तर प्रदेश, सौराष्ट्र, कच्छ, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में तापमान सामान्य से नीचे था। इसके साथ ही नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से बहुत अधिक ऊपर था। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के पर्वतीय क्षेत्र, सिक्किम, बिहार, पूर्व मध्य प्रदेश, गुजरात , छत्तीसगढ़, तमिलनाडु और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में तथा पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पश्चिम मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर था।
हिमाचल प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और केरल के साथ-साथ पूर्व राजस्थान और तमिलनाडु के बाकी हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर था। पश्चिम राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में अरुणाचल और लक्षद्वीप के अधिकतर हिस्सों में तथा तमिलनाडु और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में बारिश हुयी। इसके साथ ही असम, मेघालय, पूर्व उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, उत्तरी और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और केरल के कुछ हिस्सों में बारिश हुयी या फिर गरज के साथ छींटे पड़े।
नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, बिहार, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर,राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में मौसम शुष्क रहा।