त्रिपुराः बेलोनिया सीट से मजूमदार को हराना बीजेपी के लिए होगी टेढ़ी खीर, जानिए क्यों?

Daily news network Posted: 2018-02-08 12:58:09 IST Updated: 2018-02-08 13:49:03 IST
त्रिपुराः बेलोनिया सीट से मजूमदार को हराना बीजेपी के लिए होगी टेढ़ी खीर, जानिए क्यों?
संक्षिप्त विवरण

अगरतला।

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव को लेकर वाम मोर्चा ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुकी है। त्रिपुरा के बेलोनिया सीट से विधानसभा सदस्य और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेता बासुदेव मजूमदार चुनाव मैदान में हैं। मजूमदार इस सीट से लगातार चार बार चुनाव जीत चुके हैं। गृह सीट होने के कारण यहां इनकी काफी पकड़ है। वे 1998 से बेलोनिया विधानसभा क्षेत्र से जीतते आ रहे हैं। 62 बर्षीय बासुदेव मजूमदार बेलोनिया के एक गांव रामठाकुर पारा के रहने वाले है।

साल 1998 के विधानसभा चुनाव में मजूमदार ने कांग्रेस के अमल मलिक को 1857 वोटों से हराया था। इस चुनाव में मजूमदार को 12409 वोट मिले, वहीं मलिक को 10552 वोट मिले।



इसके बाद साल 2003 में मजूमदार ने मलिक को बड़े अंतर 5950 मतों से हराया था। इस चुनाव में इन्हें 15419 वोट मिले जबकि मलिक को 9469 वोट मिले। साल 2008 के विधानसभा चुनाव में इन्होंने कांग्रेस के अमल मलिक को बहुत ही कम अंतर 1319 वोटों से हराया था। इस चुनाव में मजूमदार को 15971 वोट मिले, वहीं मलिक को 14652 वोट मिले।



साल 2013 के चुनाव में मजूमदार ने कांग्रेस के अमल मलिक को 4824 वोटों से हराया था। उन्हें कुल 20585 वोट मिले थे, जबकि मलिक को 15761। 2013 के विधानसभा चुनाव में अमरा बंगाली(एबी) के गौरीशंकर नंदी और सीपीआई(एमएल) के बाबुल चंद्र पॉल भी मैदान में थे उन्हें क्रमशः 352 और 324 वोट मिले थे।  अमल मलिक ने इस सीट से दो बार 1988 और 1993 में जीत दर्ज की थी। दोनों बार इन्होंने सीपीआई के उम्मीदवारों को हराया था। 

साल 1983 के चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार मनोरंजन मजूमदार ने सीपीआई के जितेंद्र लाल दास को हराया था। 1977 के विधानसभा चुनाव में ज्योर्तिमय दास ने कांग्रेस के मनोरंजन मजूमदार को हराया। इससे पहले 1972 के चुनाव में सीपीआई के जितेंद्र लाल दास ने कांग्रेस के सुरेश चंद्र चौधरी को हराया था। वहीं पहले विधानसभा चुनाव 1967 में कांग्रेस के यू. के. रॉय ने सीपीआई के जे.एल. दास को हराया था।


लगातार चार विधानसभा चुनाव के आंकड़ों ये बात साफ हो गई है कि किसी भी पार्टी के उम्मीदवार के लिए मजूमदार से बेलोनिया सीट छीन पाना आसान नहीं होगा। इस सीट पर इनकी लोकप्रियता बढ़ती ही जा रही है। 


वहीं 2018 विधानसभा चुनाव की बात करें तो इस सीट से ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस ने प्रशंता सेन, अमरा बंगाली(एबी) से गौरी शंकर नंदी, कांग्रेस से भोला नाथ धर, भाजपा से अरुण चंद्र भौमिक और अमलेंदु बाणिक भी मैदान में है। इस बार मजूमदार को कांटे की टक्कर मिल सकती है। बता दें कि पिछले साल जून में तृणमूल कांग्रेस की त्रिपुरा इकाई के संस्थापक अध्यक्ष तथा निवर्तमान उपाध्यक्ष अरुण चंद्र भौमिक भाजपा में शामिल हुए थे।